मुरादाबाद। अग्रवाल समाज के विकास के लिए 21 दोस्तों द्वारा सौ साल पहले देखा गया सपना आज वटवृक्ष बन चुका है। इसके साये में तमाम गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे समाज के विभिन्न तबकों को मदद मिल रही है। अग्रवाल सभा की ओर से अग्रवाल शिक्षा समिति बनाई गई थी।
इसके माध्यम से संचालित महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज और महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल से पढ़कर हजारों विद्यार्थी अपना भविष्य संवार चुके हैं और यह सिलसिला अभी भी जारी है। इसके अलावा सभा जरूरतमंद बच्चों को छात्रवृत्ति देने व समाज की बेटियों के ब्याह में भी सक्रिय भूमिका निभाती है।
बात 1925 की है। आजादी से पहले का दौर था। तमाम तबकों की तरह अग्रवाल समाज में भी बहुत सी समस्याएं थीं। इसी दौरान साहू नंदलाल सरन, साहू जगदीश सरन, बाबू शांति प्रसाद, डाॅ. चंडी प्रसाद सहित 21 युवाओं के बीच अपने समाज के विकास के लिए कार्य करने की बेचैनी थी।
इसी के मद्देनजर उन्होंने अग्रवाल सभा का गठन किया। सभी ने मिलकर तय किया कि एक स्कूल खोला जाएगा। इसके लिए अग्रवाल पाठशाला नाम से कमेटी बनाई गई और शहर में प्रमुख स्थान पर जमीन देखी गई। यह जमीन बेगम आलिमा उन्निसां की थी। उनसे 10 जनवरी 1925 को जमीन खरीदकर स्कूल के निर्माण का काम शुरू हुआ।
वर्ष 1925 में अग्रवाल सभा की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती पर पहला कार्यक्रम आयोजित किया गया था। समाजसेवा के सौ वर्षों के सफर में अग्रवाल सभा की ओर से न सिर्फ धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बढ़चढ़ कर भागीदारी की गई। संगठन आज 525 सदस्यों के साथ समाजसेवा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।