नशे की लत जिंदगियों को उजाड़ रही है। मंगलवार रात एक युवती नशे की हालत में कटघर इलाके में हाईवे किनारे बेहोश पड़ी मिली। युवती के कपड़े अस्त व्यस्त थे और उसके होंठों पर कट के निशान थे। पास में बीयर की खाली बोतल पड़ी थी। पुलिस ने युवती को बेहोशी की हालत में ही अस्पताल में भर्ती कराया है।
युवती कौन है, कहां की है, अभी कुछ पता नहीं, अलबत्ता पुलिस का कहना है कि युवती मानसिक रूप से कमजोर है और सड़क पर घूमती रहती थी। ड्रिंक्स कराकर युवती के साथ रेप की आशंका जताई जा रही है।
मंगलवार रात करीब साढ़े बारह बजे कटघर पुलिस एक 25 वर्षीय युवती को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। युवती बेहोश थी और नशे की हालत में थी। डाक्टरों का कहना है कि युवती ने संभवत: ज्यादा शराब पी, जिसकी वजह से वो बेहोश हुई। युवती के होंठों पर कट के निशान थे, जिनसे खून बह रहा था। उसके सिर में भी चोट लगी थी।
कटघर पुलिस का कहना है कि युवती रात करीब बारह बजे हनुमान मूर्ति के पास हाईवे किनारे सड़क पर बेहोशी की हालत में पड़ी मिली थी। पुलिस के मुताबिक युवती के पास में ही एक बीयर की बोतल भी पड़ी मिली।
एसओ कटघर ओंकार सिंह का दावा है कि किसी व्यक्ति ने पुलिस को कॉल की थी कि एक युवती नशे की हालत में लड़खड़ाते हुए जा रही है, लेकिन जब तक पुलिस पहुंची युवती सड़क पर बेसुध पड़ी मिली। एसओ का कहना है कि युवती मानसिक रूप से कमजोर है और कुछ दिन पहले मझोला में क्षेत्र में बेहोशी की हालत में पड़ी मिली थी।