पाकबड़ा। अचल संपत्ति के बटवारे को लेकर दंपती के बीच शनिवार सुबह शुरू हुए विवाद में पत्नी की देर रात मौत हो गई। मृतका के बेटे ने आरोप लगाया कि उसकी सौतेली मां के कहने पर पिता और मामा ने तकिए से मुंह दबाकर उसकी मां की हत्या की है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से फरारर आरोपियों की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। इधर, मृतक महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर जांच के लिए विसरा सुरक्षित कर लिया गया।
नूर नगर पाकबड़ा निवासी साजिद हुसैन की पत्नी जासमीन (48) की शनिवार रात संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सुबह से दोनों में मकान को लेकर विवाद शुरू हुआ था। जासमीन का पुत्र मोइनुद्दीन जब घर पहुंचा तो उसकी मां के मुंह से झाग निकल रहा था। इस पर मोइनुद्दीन ने अपने पिता साजिद हुसैन और मामा रिहान पर अपने पिता की दूसरी पत्नी शाइस्ता (जो रिश्ते में उसकी मौसी है) के कहने पर जासमीन (मां) की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। मोइनुद्दीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि शनिवार सुबह उसकी मां जासमीन (48) घर पर थीं और वह घर के बाहर अपने मेडिकल स्टोर में बैठा था। सुबह करीब 11 बजे पिता साजिद और मामा रिहान घर पर आए थे। रात करीब साढ़े बारह बजे मेडिकल स्टोर बंद कर वह चाय पीने चला गया। इसी दौरान पिता का फोन आया कि तुम्हारी मां जासमीन की तबीयत ठीक नहीं है। वह घर पहुंचा तो उसकी मां बिस्तर पर अचेत हालत में पड़ी थी, उसके मुंह से झाग निकल रहा था। पिता और मामा कमरे में ही मौजूद थे। वह मां को लेकर टीएमयू पहुंचा जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसके पिता और मामा वहां से चले गए, मोबाइल भी ऑफ कर लिया। मोइनुद्दीन ने आरोप लगाया कि मकान और दुकानों के बटवारे के विवाद में पिता ने दूसरी पत्नी शाइस्ता के कहने पर अपने साले रेहान के साथ मिल कर उसकी मां का मुंह तकिए से दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मोइनुद्दीन की तहरीर पर तीनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक नगर अखिलेश भदौरिया ने सीओ हाइवे के साथ पहुंच कर घटना स्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी रजंन शर्मा ने बताया पुलिस मामले की जांच की जा रही है। उनेहंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। लिहाजा बिसरा प्रिजर्व कर लिया गया है। उसे जल्द जांच के लिए भेजा जाएगा। साथ ही नामजद आरोपियों से भी पूछताछ के लिए उनकी तलाश की जा रही है।
000
मकान और दुकान बनीं विवाद का करण
मोइनुद्दीन के मुताबिक उसके पिता ने पहली पत्नी जासमीन के रहते कुछ साल पहले सगी साली शाइस्ता से भी निकाह कर लिया था। साजिद, शाइस्ता को लेकर अमरोहा में रहने लगा। पहली पत्नी जासमीन और चार बच्चों के लिए साजिद ने पाकबड़ा के समाथल गांव में मकान बना दिया था। मकान में 22 कमरे हैं जो किराए पर उठे हैं। थाना प्रभारी रंजन शर्मा ने बताया कि साजिद ने यह मकान भी शाइस्ता के नाम कर दिया था, लेकिन इसका किराया जासमीन वसूल करती थी। दो माह पहले भी किराया वसूलने को लेकर साजिद और जासमीन के बीच विवाद हुआ था। शाइस्ता यह मकान खाली करवाना चाहती थी, लेकिन जासमीन इसके लिए तैयार नही थी। मोइनुद्दीन के मुताबिक शनिवार सुबह करीब ग्यारह बजे पिता साजिद हुसैन और मामा रेहान घर पहुंचे थे। दिन भर माता-पिता में घर के कब्जे और किराया वसूली को लेकर विवाद होता रहा। मेडिकल स्टोर पर ही वह माता-पिता की बहस और बातें दिन भर सुनता रहा। रात में जासमीन की मौत हो गई।
--