पाकबड़ा। दिल्ली रोड स्थित निजी अस्पताल में बृहस्पतिवार को एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर महिला की मौत पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हंगामा शांत कराया और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों से मामले की तहरीर लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
छजलैट थाना क्षेत्र के अन्नयारी गांव निवासी सुरेश चंद्र सिंह पेेशे से किसान है। सुरेश चंद्र सिंह की शादी के आठ साल बाद भी उनके कोई औलाद नही थी। चिकित्सकों ने उसकी पत्नी नीरज रानी (30) की बच्चेदानी में कमी बताई थी। इसी का इलाज सुरेश चंद्र सिंह करा रहे थे। सुरेश चंद्र ने बताया की मंगलवार को पत्नी नीरज रानी पाकबड़ा में दिल्ली रोड स्थित निजी अस्पताल में बच्चेदानी की जांच कराने के लिए आई हुई थी। चिकित्सकों ने भर्ती कर लिया था। नीरज रानी की हालत बिल्कुल सही थी। बुधवार की रात को नीरज रानी को इंजेक्शन लगाया गया, थोड़ी ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी। हालत बिगड़ती देख उन्होंने स्टाफ को बताया, आरोप है कि स्टाफ ने उन्हें जल्दबाजी नहीं करने की बात कह टरका दिया। थोड़ी ही देर में नीरज रानी की सांसें थम गईं। महिला की मौत पर पति सहित परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाबुझा कर शांत कराया। पुलिस ने नीरज रानी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी रंजन शर्मा ने बताया कि निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गयी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जायेगी।