मुरादाबाद। मझोला क्षेत्र के मनोहरपुर गांव में मंगलवार की दोपहर महिलाओं ने शराब की दुकान बंद कराने की मांग को लेकर जमकर ने हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और महिलाओं को समझाकर शांत कराया।
मझोला के मनोहरपुर में देसी शराब की दुकान है। दुकान खुलते ही गांव के लोग दुकान पर पहुंच जाते हैं और देर शाम तक दुकान पर ही बैठकर शराब पीते रहे हैं। इन्हें देखकर युवा भी शराब पीने के आदी होते जा रहे हैं। कई घरों में घरेलू विवाद बढ़ गए हैं। मंगलवार को महिलाएं लाठी डंडे लेकर शराब की दुकान पर पहुंच गई। महिलाओं ने शराब की दुकान पर लगी भीड़ को लाठियां मारकर दौड़ाया। महिलाओं में आक्रोश देख सेल्समैन दुकान बंद कर मौके से भाग गया। करीब एक घंटा महिलाओं ने हंगामा किया। उन्होंने दुकान के शटर पर लाठी डंडे मारे। सूचना मिलने पर मझोला थाने से पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को शांत कराया।
सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि महिलाओं ने दुकान को लेकर विरोध किया था। उन्हें समझाकर शांत करा दिया है कि वह मामले की जानकारी संबंधित विभाग को भेज देंगे। दुकान हटवाने की प्रक्रिया संबंधित विभाग के जरिए ही की जाएगी।