मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र के लोधीपुर जवाहर नगर में शुक्रवार की रात करीब नौ बजे महिला इशिका उर्फ स्मिता (25) का शव फंदे पर लटका मिला। महिला के पिता का आरोप है कि उसकी बेटी की हत्या करने के बाद शव फंदे पर लटकाया गया है। पुलिस ने पति समेत छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। शनिवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत की पुष्टि हुई है।
छजलैट थाना क्षेत्र के मुंडाला मोहम्मद जमापुर निवासी सुनील कुमार मझोला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बेटी इशिका उर्फ स्मिता का विवाह 16 अप्रैल 2025 को मझोला थाना क्षेत्र के लोधीपुर जवाहर नगर निवासी सुरजीत सागर के साथ किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही सुरजीत और उसके परिजन इशिका को दहेज के लिए तंग कर रहे थे।
शुक्रवार की रात उन्हें किसी ने कॉल कर बताया कि इशिका उर्फ स्मिता की हत्या कर दी गई है। ससुराल पहुंचे तो देखा कि बेटा का शव कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका था। पैर जमीन पर टिक रहे थे। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुरजीत, उसकी मां सावित्री, पिता सुरेश, बहन प्रियांशी, भाई दीपांशु और सुशील कुमार के खिलाफ दहेज हत्या में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।