भोजपुर। नगर निवासी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। हालांकि मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या कराने का आरोप लगाया है। वहीं महिला के भाई व पिता ने मामले की पुलिस को सूचना दी है। इस पर पुलिस ने हायर सेंटर पहुंच कर जांच की है।
परिजनों ने बताया कि नगर के एक मोहल्ला निवासी युवक की शादी चार वर्ष पूर्व सिहाली खद्दर की रहने वाली युवती के साथ हुई थी। शनिवार को महिला की अचानक तबीयत खराब हो गई। इसके बाद ससुराल वालों ने उसे मुरादाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार को इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला के मौत की खबर सुनकर उसके भाई व पिता समेत अन्य परिजनों के साथ अस्पताल पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने थानाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा को सूचना देकर महिला की हत्या कराने का आरोप लगाया। सूचना पर उपनिरीक्षक मेघपाल पुलिस बल के साथ जांच के लिए अस्पताल पहुंचे और जांच की। देर शाम तक पुलिस जांच कर रही थी। थानाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि महिला की मौत के मामले में कार्रवाई करने के लिए किसी ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।