मैनाठेर। डींगरपुर में पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रक और बाइक की जोरदार टक्कर में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार जिला बिजनौर निवासी बिरजू त्यागी अपनी पत्नी पूनम (35) के साथ रक्षाबंधन के त्योहार पर ससुराल भीकनपुर बघा आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव डींगरपुर में पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूनम देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बिरजू त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल भिजवाया। मृतका के परिवार में बेटा अभय कुमार, दो बेटियां दिव्या और मनीषा हैं। इस हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मैनाठेर कोतवाल किरन पाल सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।