मुरादाबाद के पाकबड़ा थाने की प्रधान आरक्षक कविता चौधरी (42) की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट के मुताबिक हत्या रविवार-सोमवार की दरमियानी रात मुंह दबाकर की गई है।
हाथ-पैर और चेहरे पर चोटों के निशान से लगता है कि हत्या के पहले कविता के साथ जमकर मारपीट भी की गई। मूलत: चांदपुर (बिजनौर) की रहने वाली कविता की ससुराल हस्तिनापुर (मेरठ) में है। पति प्रमोद रामपुर जिले के सैफनी थाने में दारोगा के पद पर तैनात है।
एक पुत्र और एक पुत्री की मां कविता मझोला थाना क्षेत्र में बुद्घि विहार के सेक्टर 12 स्थित घर में अकेली रहती थी। बच्चे मेरठ में पढ़ते हैं। कविता की बहन रेणु ने हत्या में कविता के पति का हाथ होने का आरोप लगाया है। पति प्रमोद ने आरोप को पूरी तरह निराधार बताया है।
रामपुर के पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा ने बताया कि वारदात का जो समय बताया गया है, उस समय प्रमोद ड्यूटी पर था। पत्नी की मौत की सूचना पर वह छुट्टी लेकर गया है। छह मार्च को मझोला थाने के सामने दुर्घटना में घायल होने के कारण कविता इन दिनों छुट्टी पर थी। पुलिस को बताया गया है कि कविता की अपने पति के साथ अनबन चल रही थी।