मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के हरथला सब्जी मंडी मोहल्ले में सोमवार सुबह एक महिला ने फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना के समय महिला अपनी नौ माह की बच्ची के साथ घर में मौजूद थी जबकि उसका पति और नौ साल का बेटा बाहर गए थे। दूधिया जब घर पहुंचा तो इसकी जानकारी हो पाई। सोमवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
सिविल लाइंस के हरथला सब्जी मंडी निवासी मुनेश फैक्टरी में सिक्योरिटी गार्ड है। 11 साल पहले उसकी शादी रामपुर जनपद के टांडा निवासी सत्येंद्र सिंह की बेटी नैंसी के साथ हुई थी। मुनेश और नैंसी का एक बेटा गोपाल (09) और 9 माह की बेटी गौरी है। सोमवार सुबह करीब दस बजे मुनेश अपने बेटे गोपाल को लेकर एक तेरहवीं कार्यक्रम में बाहर गया था। घर में नैंसी अपनी नौ माह की बेटी के साथ मौजूद थी। सुबह करीब 11 बजे जब दूधिया दूध देने घर पहुंचा तो मकान के दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खटखटाने के बाद भी किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इसी बीच मोहल्ले के अन्य लोग भी गेट पर आ गए और उन्होंने मुनेश को इसकी जानकारी दी। इसी बीच मुकेश घर आ गया और उनसे किसी तरह दरवाजा खोला। इसके बाद उसने देखा कि बच्ची बेड पर थी जबकि नैंसी दिखाई नहीं दी। तब मुनेश ने मकान की पहली मंजिल पर जाकर देखा तो नैंसी का शव कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका हुआ था। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मनीष सक्सेना और सीओ अर्पित कपूर मौके पर पहुंच गए और फोरेंसिक टीम बुला ली। टीम ने जांच पड़ताल की और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इसकी जानकारी मिलने पर नैंसी के परिजन भी आ गए। सीओ अर्पित कपूर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब तक आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिवार के लोग भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं।