लगातार पड़ रही ठंड से अभी राहत की उम्मीद कम है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 15 जनवरी तक ऐसा ही मौसम बने रहने की आशंका है। वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों तक घने कोहरे का भी अनुमान है। कड़ाके की यह ठंड चरम घटनाओं का प्रभाव है। मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 2020 पिछले चार सालों में सबसे सर्द चल रहा है।
पंत नगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि तीन किलो मीटर प्रति घंटा उत्तर पश्चिम दिशा से हवाएं चल रही हैं। सोमवार की रात को घना कोहरा और कड़ाके की ठंड रहेगी। पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश का अनुमान है। मैदानी इलाकों में पहाड़ का प्रभाव रहेगा। इसकी वजह से बूंदाबांदी हो सकती है।
बादल छाए रह सकते हैं। 15 जनवरी तक ठिठुरन और गलन का ऐसा ही दौर चलेगा। इसके बाद मौसम सुधरने की उम्मीद है। एक दो दिन के लिए धूप खिल सकती है। जनवरी के पहले 12 दिन पिछले चार वर्षों में सबसे सर्द होने का कारण यह है कि वर्ष 2019 में गर्मी खूब पड़ी थी। मैदानी इलाकों से 12 अक्तूबर को मानसून लौटा है। सितंबर में झमाझम बारिश हुई है।
पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी लगातार हो रही है। मैदानी इलाकों में भी नमी बनी हुई है। इसलिए पहले से उम्मीद थी कि इस बार कड़ाके की ठंड पड़ेगी। नमी और बर्फीली हवाएं चलेंगी। पश्चिमी हवाओं के चलते यह ठिठुरन बढ़ सकती है। यह वर्ष हमें अहसास करा रही है कि प्रकृति का संरक्षण करना होगा। यह क्लाइमेट चेंज का प्रभाव है। इसकी वजह से चरम घटनाएं होंगी, जिसमें बहुत गर्मी, बहुत बारिश और बहुत सर्दी होती है।
सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा तापमान
एक जनवरी से ही मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर लगा हुआ है। लगातार पांच-पांच डिग्री सेल्सियस तक तापमान में गिरावट दर्ज की जाती है तो कभी दो दिन के लिए तापमान बढ़ जाता है। इससे लोग बेहाल हो रहे हैं। बच्चों को ठंड से बचाने के लिए स्कूलों की छुट्टियां भी बढ़ाई जा रही हैं।
राजकीय इंटर कालेज स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी निसार अहमद अंसारी के अनुसार 12 जनवरी को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
दोपहर तक कोहरा रहने की वजह से वातावरण में नमी बनी हुई थी। सुबह की आर्र्दता 97 फीसदी थी और शाम की 88 फीसदी दर्ज की गई। वहीं पश्चिम दिशा से दस किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवा रही।
तारीख 2020 2019 2018 2017 2016 2015
एक जनवरी 14/5.4 22.8/4.8 21/6 24.5/9.5 24.2/7.8 19.3/11.2
दो जनवरी 21.7/5 27/8 20/6 26.4/10.8 24.4/8.4 21.7/13
तीन जनवरी 17/5.8 22.2/8.5 15.2/5.7 26.9/9.7 24.8/8.4 14.8/13.2
चार जनवरी 23.5/8.4 23/8.5 12./6 26/9.8 21/6.2 17/14
पांच जनवरी 21.7/9.8 15.5/7.8 16.6/6.8 23.6/8.7 23.5/9.4 17.5/10
छह जनवरी 21.2/8.8 21.5/7.4 15/4 17.7/9.8 25.5/10.2 20.4/8
सात जनवरी 22/10 19.6/9.8 17.2/4 14.4/11.5 23.5/10.4 13/7.6
आठ जनवरी 20/10 20.5/10 19.2/4.5 21.4/8 24.5/12.2 16.2/7.4
नौ जनवरी 16/9 22.6/9.2 14.4/2.5 21.6/8.8 24.6/10 11.6/8.3
दस जनवरी 16.3/7.4 22.2/8.8 13.4/5 20/7 23.4/9.7 11.5/8
11 जनवरी 17.5/7 22.4/8.8 10.8/4.5 20/7 23.6/9.7 -----
12 जनवरी 12.5/7.4 22.6/7 10.8/5 20/4 23/8.2 -----