फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शीत लहर के संग कोहरा भी करेगा तंग

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। रात को कोहरे की चादर और सुबह में शीत लहर से अभी राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार तक मध्यम से घना कोहरा होने, कहीं-कहीं बादल छाने और शीत लहर चलने की संभावना व्यक्त की है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि धूप भी ठिठुरन से राहत नहीं दिला पाएगी। मौसम में गलन और बढ़ेगी। तापमान में भी ज्यादा सुधार नहीं आएगा।
विज्ञापन

पंत नगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि मंगलवार तक मध्यम से घना कोहरा रहेगा और कहीं-कहीं आंशिक बादल छाएंगे। हालांकि अभी पश्चिम विक्षोभ सक्रिय नहीं है। यह कोहरे का असर है। हवा में 90 फीसदी नमी है, इसकी वजह से वातावरण में ऊपर बादल बन रहे हैं। इससे बारिश नहीं होगी, सिर्फ कड़ाके की ठंड होगी। अब शीत लहर चल रही है। हवा की गति पांच किलोमीटर प्रति घंटे से दस किलोमीटर प्रति घंटा है। उत्तर-पश्चिम की दिशा से हवा चल रही है। पश्चिम दिशा से चलने वाली हवा सूखी और ठंडी होती है, इसकी वजह से गलन बढ़ती है। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली बर्फीली हवाएं ठंड के साथ वातावरण में नमी बढ़ाती हैं। इन दोनों हवाओं की वजह से ही मैदानी क्षेत्रों में गलन और शीत लहर का प्रभाव है। मौसम विभाग द्वारा पूर्व में दिसंबर, जनवरी माह में कड़ाके की ठंड पड़ने का पूर्वानुमान भी सटीक है।
शनिवार को सुबह से मौसम साफ हो गया था। आसमान में धूप खिलने लगी थी, लेकिन गलन होने की वजह से तपिश नहीं थी। इसकी वजह से धूप में बैठने पर भी ठिठुरन का अहसास हो रहा था। शाम होते-होते गलन ने फिर बेहाल कर दिया। जगह-जगह पर लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश करते नजर आए। शीत लहर के कारण टोपी, मफलर और ग्लब्स पहनने के बाद भी दोपहिया वाहन चलाते समय राहगीर बेहाल हो रहे थे। मौसम विभाग की वेबसाइट द्वारा जारी किए गए तापमान के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुबह के समय वातावरण में 93 फीसदी आर्द्रता थी, जो शाम को 87 फीसदी दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें