मुरादाबाद। सरकारी रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने वाले अमरोहा निवासी सिपाही तय्यब खां की पत्नी को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। मृतक के पिता शौकीन अहमद ने अपनी पुत्रवधु मुन्नी उर्फ सबीना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
तय्यब के पिता शौकीन अहमद ने आरोप लगाए कि सबीना के किरतपुर बिजनौर निवासी युवक समीर से संबंध थे। इसमें बागपत निवासी पतली उर्फ फूलमीजरा का सहयोग था। दोनों की प्रताड़ना से तंग आकर तय्यब ने आत्मघाती कदम उठाया। शुक्रवार तीन मई को तय्यब ने अमरोहा स्टेशन की बेंच पर बैठे बैठे घुटने के बीच रायफल फंसाकर खुद को गोली मार ली थी। वह बागपत में तैनात था और चुनाव ड्यूटी के लिए संभल जा रहा था। सुबह जोया स्थित घर से सरकारी रायफल लेकर निकला था। अमरोहा स्टेशन पर उसने अपनी जिंदगी खत्म कर ली।
तय्यब के पिता शौकीन अहमद ने बताया कि बेटे की लाश देखकर वह सुध खो बैठे। वहां लोगों की बातों में आकर जो जानकारी उन्होंने पुलिस को दी, वह गलत थी। सारे मामले का पता चलने के बाद उन्होंने जीआरपी मुरादाबाद थाने में पहुंचकर तहरीर थी। जीआरपी इंस्पेक्टर राजन शर्मा ने बताया कि तय्यब की पत्नी मुन्नी उर्फ सबीना को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।