देशभर में तीन तलाक को लेकर छिड़ी बहस के बीच मुरादाबाद में एक महिला तीन तलाक के खिलाफ थाने पहुंच गई है। महिला ने शौहर के तलाक के दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। महिला थाने में शिकायत लेकर पहुंची महिला ने दो टूक कहा है कि वह पति के तलाक के दावे को कतई नहीं मानती।
पति पहले तलाक का गवाह- सुबूत लेकर आए। पति चीख - चीख कर कह रहा है कि वह अपनी पत्नी को तीन बार तलाक बोल चुका है। लेकिन पत्नी ने साफ किया है कि उसका तलाक नहीं हुआ है वह शौहर के घर में ही रहेगी।
तीन तलाक का यह मामला मझोला थाना क्षेत्र का है। एक शादीशुदा पीतल कारीगर ने करीब आठ माह पहले पड़ोस में रहने वाली शादीशुदा महिला के साथ निकाह किया था। पीतल कारीगर भी पहले से शादीशुदा था। निकाह के बाद से ही महिला पीतल कारीगर के साथ बतौर पत्नी रह रही थी। वह अपने साथ अपनी छोटी बेटी को भी लाई थी।
लेकिन कुछ दिन ठीकठाक रहने के बाद दोनों में मनमुटाव शुरू हो गया। करीब एक सप्ताह पहले पीतल कारीगर ने बीवी को तलाक, तलाक, तलाक बोला और रिश्ता खत्म कर उसे घर से निकाल दिया। लेकिन महिला ने इस तलाक को मानने से इंकार कर दिया है।
उसने महिला थाने में शिकायत की है कि पति ने उसे जबरन मारपीट कर घर से निकाल दिया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने पीतल कारीगर को बुलाया तो उसने दावा किया कि वह पत्नी को सप्ताहभर पहले तलाक दे चुका है और अब उसे अपने घर में नहीं रख सकता।
इस पर महिला भड़क गई और उसने कहा कि पति झूठ बोल रहा है। उसका तलाक नहीं हुआ है। पति पहले तलाक का गवाह लेकर आए उसके बाद बात करे। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। पति ने आरोप लगाया है कि पत्नी आएदिन बिना बताए घर से गायब रहती थी लिहाजा उसने उसे तलाक दे दिया है।