दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर ( प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
चंदौसी थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र में स्याेंडारा और मुड़िया के बीच सोमवार सुबह बरातियों से भरी बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार करीब 20 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव शहबाजपुर से रविवार शाम आजेंद्र की बारात रामपुर जिले के थाना सैफनी क्षेत्र के गांव सैदपुर गई थी।
शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव के करीब 50 लोग बस में सवार होकर गए थे। सोमवार को तड़के करीब तीन बजे बस बरातियों को लेकर वापस शहबाजपुर लौट रही थी। रास्ते में स्योंडारा और मुड़िया के बीच अचानक सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से बस की टक्कर हो गई।
इससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के साथ ही बस में चीख-पुकार मच गई। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया।
दुर्घटना में करीब 20 बराती घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए स्योंडारा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घायलों में शहबाजपुर निवासी आयुष, मनीष, उनके बड़े भाई अंकुश और गांव के ही देवेंद्र सिंह की हालत अधिक गंभीर होने पर परिजन उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी चंदौसी लेकर पहुंचे।
जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।