पीतलनगरी में सर्दी का सितम जारी है। 12 जनवरी की रात न्यूनतम तापमान महज पांच डिग्री सेल्सियस था, इसके कारण यह सीजन की सबसे ठंडी रात रही। दिन का तापमान भी 11.2 डिग्री सेल्सियस था। लगातार दूसरे दिन मुरादाबाद श्रीनगर, मनाली, नैनीताल, शिमला जैसे स्थानों से ठंडा रहा। पश्चिमी विक्षोभ कमजोर होने से बारिश न होने के कारण ठंड लगातार बढ़ती जा रही है।
शुक्रवार को दिन का तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जोकि सामान्य से छह डिग्री कम था। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 12 सालों में 12 जनवरी का दिन सबसे ठंडा रहा। इससे पहले वर्ष 2011 में अधिकतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शुक्रवार को शीतलहर के कारण कोहरा नहीं टिका। बर्फीली हवाओं के कारण बढ़ी गलन से लोग घरों में भी अलाव जलाकर बैठने को मजबूर रहे।
जिला अस्पताल व शहर के बड़े निजी अस्पतालों में मिलाकर हर दिन चार केस हार्ट अटैक के आ रहे हैं। एक से 12 जनवरी तक जिला अस्पताल में ऐसे चार केस आ चुके हैं। ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग मेहरोत्रा के मुताबिक हाई बीपी व शुगर वाले मरीजों को समस्या ज्यादा रहती है।
ठंड के कारण नसें सिकुड़ने व हाई ब्लड प्रेशर के कारण रक्त का प्रवाह अचानक बढ़ने से सडन कार्डियक अरेस्ट यानी अचानक ह्रदय रुकने से मौत हो जाती है। जिला अस्पताल की इमरजेंसी के मुताबिक इस सीजन में पीएसी के दो जवानों के हार्ट अटैक के केस आ चुके हैं।
तुलसी, काली मिर्च व दालचीनी के काढ़े का सेवन करें।