ठाकुरद्वारा। एसओजी और कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को ठाकुरद्वारा क्षेत्र में दबिश देकर असलहा बनाने की फैक्टरी पकड़ी है। इस मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। इनकी निशानदेही पर असलहा बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि शुक्रवार को रतूपुरा चौराहे के पास खाली पड़े प्लॉट से डिलारी थाना क्षेत्र फरीदपुर कसम निवासी गोविंदा को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से तीन तमंचे बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह तमंचे ठाकुरद्वारा नगर के वार्ड 19 सेफियान मछली बाजार निवासी नाजिम और उसके भाई कासिम से खरीदे हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के घर पर छापा मारा। वहां से अवैध असलहा बनाने के उपकरण, ड्रिल मशीन, शिकंजा नाल बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इस काम में फरीदपुर निवासी इकबाल और रोहित भी उनकी मदद करते हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर अन्य आरोपियों की तलाश शुरू दी है।