कांठ (मुरादाबाद)। तहसील में सोमवार को एसडीएम संतदास पंवार की मध्यस्ता में कई विभागों के अधिकारियों के साथ हुई वार्ता में भाकियू टिकैत के पदाधिकारियों ने बिजली की समस्याओं को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। भाकियू पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जबरन स्मार्ट मीटर लगाए गए तो आंदोलन किया जाएगा। साथ ही स्मार्ट मीटरों को उखाड़कर फेंक दिया जाएगा।
सोमवार को भाकियू टिकैत के पदाधिकारी, कार्यकर्ता व किसान एकत्र होकर कांठ तहसील पहुंचे। यहां बिजली, गन्ना, सिंचाई, चीनी मिल, नगर पंचायत आदि विभागों के अधिकारियों से वार्ता शुरू हुई। इस दौरान बिजली की जर्जर लाइनों, खराब व स्मार्ट मीटरों, अधिक राशि के बिलों आदि को लेकर चर्चा की गई। स्मार्ट मीटरों की शिकायतें बढ़ने पर भाकियू पदाधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि यदि बिजली निगम ने उपभोक्ताओं के यहां जबरन स्मार्ट मीटर लगाए या उनका उत्पीड़न करने काम किया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष पश्चिमी यूपी चौधरी ऋषिपाल सिंह ने कहा कि स्मार्ट मीटरों पर जबरदस्ती किसी दशा में बर्दास्त नहीं होगी, यदि ऐसा हुआ तो लगाए गए मीटरों को उतारकर फैंकने का काम किया जाएगा। वार्ता के दौरान किसानों ने बकाया गन्ना भुगतान और नहरों में टेल तक पानी की मांग भी रखी, जिस पर अधिकारियों ने आश्वासन भी दिया। वार्ता में ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक सिराज मलिक, गन्ना समिति सचिव खेत सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत रामेश्वर दयाल, अवर अभियंता बिजली कांठ अरविंद गुप्त, जेई सलेमपुर, जेई रसूलपुर, स्योहारा चीनी मिल से राजीव चौधरी के साथ ही भाकियू के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष हरदीप सिंह, जिला सचिव रामकला सिंह, तहसील अध्यक्ष दर्शन सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष अंगद चौधरी आदि भाकियू पदाधिकारी व कार्यकर्ता रहे।
फोटो सं. 01