कुंदरकी। कुंदरकी-हरियाणा संपर्क मार्ग की हालत खराब है। बरसात में निकासी न होने से सड़क पर जलभराव और कीचड़ पसर गई है। इससे गड्ढे बन गए हैं, इससे बारह गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
इन गड्ढों में बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। किसानों को अपने खेतों पर जाने के लिए गंदे पानी से गुजरना पड़ता है। यह संपर्क मार्ग हरियाणा, कादलपुर मस्ती, भैसोड़, खजरा, रायबनगला, चित्तूपुर, शेखूपुर खास, सराय पंजू, संदलपुर, हाथीपुर चंदू और सूरजपुर कल्यान जैसे बारह गांवों को कुंदरकी नगर से जोड़ता है। इन गांवों के लोगों को जलभराव, कीचड़ और गड्ढों के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हरियाणा निवासी शरीफ हुसैन और सूरज सिंह ने सड़क निर्माण की मांग की है। चित्तूपुर निवासी शारिक खान और रायबनगला निवासी सोमवाल सिंह ने जलनिकासी की उचित व्यवस्था और शीघ्र निर्माण की बात कही है।
किसान संजय सैनी, इंतेजार हुसैन और मोनू सैनी ने भी सड़क निर्माण की मांग उठाई है। नगर पंचायत के सभासद नाजिम उस्मानी ने बताया कि लोक निर्माण विभाग से भी सड़क निर्माण की मांग की गई थी। हालांकि, इस मांग पर अभी तक कोई अमल नहीं हुआ है। इसी कारण सड़क में गहरे गड्ढे और जलभराव की समस्या बनी हुई है।