यूपी के मुरादाबाद स्थित ठाकुरद्वारा के एक गांव निवासी युवक का दूसरे गांव निवासी युवती से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमी युगल बृहस्पतिवार को पहले गांव मलकपुर सेमली में लगे नौमी का मेला देखने के लिए पहुंचा। वहां शाम हो जाने के कारण वह बाइक से अपनी प्रेमिका के साथ अपने रिश्तेदार गांव राईभूड़ निवासी के घर जा रहा था। रात के 8:00 बज गए थे। इस बीच गांव के ग्रामीणों ने दोनों को बच्चा चोर समझ कर उन्हें रोक लिया। उनसे उनका नाम पता पूछने लगे तो उन्होंने कोई सही जवाब नहीं दिया।
इस पर ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो दोनों भाग कर जंगल में स्थित एक गन्ने के खेत में छुप गए। वहां से युवक ने अपने रिश्तेदार गांव राईभूड़ निवासी को फोन कर बुलाया। ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। लेकिन ग्रामीण नहीं माने। उन्होंने दोनों की घेराबंदी कर पुलिस को इसकी सूचना दी।
इस पर पुलिस मौके पर पहुंची। गन्ने के खेत में छिपे के प्रेमी युगल को बाहर निकाला। युवती को उसके परिजनों को बुलाकर उनके हवाले कर दिया गया। जबकि युवक और उसके रिश्तेदार को पकड़कर पुलिस कोतवाली ले आई। दोनों का पुलिस ने शांतिभंग करने के आरोप में चालान कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया। वहां से दोनों को जमानत मिल गई।