बिलारी। ब्लॉक के हरोरा गांव में कब्रिस्तान के रास्ते पर गंदगी और जलभराव के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ब्लॉक अधिकारियों पर अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए डीएम और सीडीओ को अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन भेजा।
हरोरा गांव की आबादी के उत्तर पूरब में एक खड़ंजा आबादी से कब्रिस्तान की ओर जा रहा है। गांव में अल्पसंख्यक वर्ग के किसी व्यक्ति की मौत हो जाने पर ग्रामीण इसी रास्ते से होकर दफन करने के लिए कब्रिस्तान जाते हैं। वर्तमान में इस रास्ते की स्थिति यह है कि पूरे रास्ते पर ऊॅंची घासें हैं और रास्ते के बीच में आबादी का गंदा पानी बह रहा है। इस रास्ते पर ग्रामीणों के पैदल निकलने के लिए केवल पतली पगडंडी बनी हुई है। कब्रिस्तान में जाते समय अक्सर ग्रामीणों को कीचड़ और ऊंची घास से होकर जाना पड़ता है। हरोरा की आबादी से निकट के ग्रामों और जंगल में खेतों पर जाने वाले लोग भी इस रास्ते पर होकर गुजरते हैं।
सोमवार सुबह कब्रिस्तान के इस रास्ते के पास चौक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बैठक की। बैठक में पंचायतराज विभाग और विकास विभाग के अधिकारियों पर ग्रामीणों की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। बाद में ब्लॉक अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में खातून, मुश्तरी, गुलशन, कौसर, नर्गिस, रेशमा, रामकुंवर, प्रेमसिंह, प्रमोद, योगेश, इंद्रपाल, तौफीक, रईस, वीर सिंह, अनेक सिंह, शेर सिंह, विकास, विनोद, प्रकाश आदि मुख्य थे। ग्राम पंचायत हरोरा के पूर्व प्रधान चौधरी अतुल कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से ब्लॉक कार्यालय, सम्पूर्ण समाधान दिवस और ग्राम चौपाल में पहुंचकर अधिकारियों को समय समय पर ज्ञापन दिए गए हैं लेकिन कब्रिस्तान को जाने वाले रास्ते पर नई सड़क नहीं बनवाई जा रही है।
ग्राम पंचायत सचिव को हरोरा गांव में भेजकर समस्या की जांच कराई जाएगी। रास्ते की लंबाई चौड़ाई नपवाई जाएगी। रास्ते में पानी बहने की वजह पता कराई जाएगी। सड़क बनवाने को ग्राम पंचायत की बैठक में प्रस्ताव पारित कराकर कार्ययोजना बनवाई जाएगी। - हरिओम सिंह बीडीओ बिलारी