कांठ। ग्राम मौहड़ी हजरतपुर के ग्रामीणों ने कांवड़ पथ पर मंदिर और आश्रम से कुछ दूरी पर संचालित शराब की दुकानों के विरोध में मंगलवार को दूसरे दिन भी नारेबाजी और प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने एसडीएम स्निग्धा चतुर्वेदी को संबोधित ज्ञापन भी नायब तहसीलदार योगेशचंद्र शर्मा को सौंपा।
मंगलवार को तहसील पहुंचे ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन में आरोप लगाया कि शराब की दुकान शनि मंदिर और श्री-श्री 1008 स्वामी देयानंद देव स्वरूप निष्कलंकी महाराज के आश्रम से कुछ दूरी पर ही संचालित हो रही हैं। इस कारण दुकान के आसपास शराब पीने वालों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। इससे महिलाओं, छात्राओं और राहगीरों में असुरक्षा का डर रहता है। ग्रामीणों ने शराब की दुकानों को यहां से हटवाने की मांग की। इस अवसर पर आश्रम के महंत संत दाताराम महाराज, राष्ट्रीय समानता दल के जिलाध्यक्ष तेज सिंह सैनी, सुरेश कुमार, हरपाल सिंह, राजवती, सुदेशना रानी, कुसुम देवी, अलका, सुनीता, शीतल, मोनिका, प्राची, पूनम देवी व ममता, ज्योति आदि मौजूद रहे। इस मामले में एसडीएम कांठ स्निग्धा चतुर्वेदी का कहना है कि शिकायत के संबंध में संबंधित विभाग को जांच के लिए लिखित पत्र भेजा गया है।