कांठ। विकास खंड छजलैट के राजकीय हाईस्कूल बेगमपुर में शनिवार को गणित और विज्ञान मेले का आयोजन हुआ। जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़चढ़ कर प्रतिभाग किया और अपने-अपने मॉडल प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथि राजकीय इंटर कॉलेज मुरादाबाद के प्रधानाचार्य बलवीर सिंह और विशिष्ट अतिथि राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर के प्रधानाचार्य अनुज कुमार अग्रवाल ने मेले की शुरुआत कराई।
यहां विद्यार्थियों ने विज्ञान विषय पर नवीकरणीय ऊर्जा, वायु प्रदूषण, जल प्रदूषण, प्रौद्योगिकीकरण और गणित के व्यावहारिक नियमों पर आधारित रचनात्मक व उपयोगी मॉडल प्रस्तुत किए। निर्णायक में गणित/विज्ञान की जिला समन्यव्यक बबिता महलोत्रा रहीं। परिणाम स्वरूप विज्ञान के बाइक एम्बुलेंस मॉडल में नौवीं के विकास ने पहला, देवदास ने चोर अलार्म में दूसरा व अंकिता ने एयर पॉल्यूशन कंट्रोल में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं गणित मॉडल के परिणाम में विकास ने गोल्डन रेशियो में पहले, अल्फ़िज़ा टाइप ऑफ एंगल में दूसरे और अंकुश डे ऑफ एनी डेट में तीसरे स्थान पर रहे। अंत में विजेताओं को प्रमाण-पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अभिषेक कुमार मिश्रा ने सभी का आभार और संचालन गणित अध्यापक सचिन कुमार शर्मा ने किया। डॉ. राजकुमार गुप्ता, जयेंद्र चौहान, राजवीर सिंह, सर्वेश कुमार आदि रहे।