मुरादाबाद। हिंदू कॉलेज में छात्र को पीटने की शिकायत छह दिन में शनिवार तक कोतवाली तक नहीं पहुंच सकी है। यह कार्रवाई कॉलेज के शिकायतीपत्र देने के दावे और कोतवाली पुलिस के इन्कार में उलझी हुई है। प्राचार्य का कहना है कि कॉलेज की ओर से कार्रवाई कर दी गई है। यह मामला सोमवार को कॉलेज के बीए तीसरे सेमेस्टर के छात्र को पीटने का है। छात्र कॉलेज के साइकिल स्टैंड के पास एक छात्रा के साथ बैठा था। इसी दौरान बीए के दो छात्र वहां पहुंच गए और छात्रा के साथ बैठने को लेकर वह छात्र से आपत्ति व्यक्त करने लगे थे। दोनों छात्रों का आरोप था कि छात्र उस छात्रा का हाथ पकड़ रहा था और गलत हरकत भी कर रहा था। बात बढ़ने पर दोनों छात्रों ने छात्र को बेल्टों, लात-घूंसों से जमकर पीटा था। इससे छात्र की आंख में चोट लग गई थी। मामले में छात्र ने एक युवक को नामजद करते हुए अन्य छात्रों के खिलाफ नियंता मंडल को शिकायत दी थी। इसके बाद मुख्य नियंता प्रो. जीके शर्मा ने कोतवाली पुलिस को मामले की तहरीर देने का दावा किया था। इसके साथ ही तीन छात्र गौरव, निशांत और शिवम के खिलाफ 15 दिन के निष्कासन की कार्रवाई की बात कही थी।
कॉलेज बता रहा बाहरी, छात्रों का दावा-बीए में पढ़ रहा है आरोपी
घटना के तीसरे दिन कॉलेज प्रशासन आरोपी शिवम को बाहरी युवक बता दिया था। हालांकि छात्रों का कहना है कि शिवम कॉलेज में बीए का ही छात्र है। दावा तो यह भी है कि घटना के बाद भी संबंधित छात्र कॉलेज में आए हैं।
यूनिफॉर्म के लिए लगातार हो रही है झड़प
घटना के बाद नियंता मंडल में दो सदस्य बढ़ा दिए गए और गेट पर छात्रों को यूनिफॉर्म होने पर प्रवेश दिया जाने लगा। हालांकि छात्र नियंता मंडल पर अपने जानने वाले छात्रों को बिना यूनिफॉर्म के ही प्रवेश देने का आरोप लगाकर प्रतिदिन हंगामा कर रहे हैं। माहौल खराब न हो, इसलिए कॉलेज में पुलिसबल भी तैनात रहता है।
00
मामले में कार्रवाई करने की जिम्मेदारी नियंता मंडल को सौंप दी थी। मुख्य नियंता प्रो. जीके शर्मा की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। मामले में क्या कार्रवाई हुई है, इसकी जानकारी सोमवार को नियंता मंडल से ली जाएगी।
प्रो. सत्यव्रत सिंह रावत, प्राचार्य, हिंदू कॉलेज
00
हिंदू कॉलेज से इस मामले में हमें कोई तहरीर नहीं मिली है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी कॉलेज जाते हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
जितेंद्र सिंह, कोतवाली प्रभारी