मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन टीकाकरण पर जोर दे रहा है। इसलिए पिछले दिनों पोर्टल और विभागीय रिपोर्ट में 14 से 17 आयु वर्ष के किशोरों के टीकाकरण का अंतर आने के बाद इसके सत्यापन की जिम्मेदारी ब्लॉक स्तर पर एमओआईसी (मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज) को सौंप दी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी का कहना है कि एमओआईसी डेटा का सत्यापन कर रहे हैं।
पिछले सप्ताह पोर्टल पर 14 से 17 आयु वर्ष के किशोरों का टीकाकरण 96 हजार दर्शाया जा रहा था, जबकि स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट एक लाख 24 हजार और शिक्षा विभाग की रिपोर्ट एक लाख 44 हजार किशोरों के टीकाकरण की थी। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने पोर्टल के आंकड़ों को मान्य किया था। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि तीन फरवरी को पोर्टल पर किशोरों के टीकाकरण के आंकड़े एक लाख से अधिक दर्शाए गए हैं। अब इन्हीं आंकड़ों को माना जा रहा है।
विभाग की फिजिकल रिपोर्ट को नहीं माना जा रहा है। पिछले दिनों जो अंतर आया था, उसकी एक वजह है कि कुछ किशोरों का नाम 18 प्लस आयु वर्ग वाले टीकाकरण में दर्ज हो रहा है। हालांकि इस डेटा का सत्यापन करवाया जा रहा है। एएनएम व अन्य कर्मचारी फील्ड से डेटा जुटाकर ब्लॉक पर दे रहे हैं। ब्लॉक पर उनका सत्यापन किया जा रहा है।
सात फरवरी से स्कूलों में लगेगी दूसरी डोज
किशोरों को कोवैक्सीन की दूसरी डोज लगना शुरू हो गई है, लेकिन स्कूलों में टीकाकरण के शिविर सात फरवरी से लगाए जाएंगे। डॉ. दीपक वर्मा का कहना है कि जो किशोर पहली डोज से छूट गए हैं, उन्हें भी पहली डोज भी दी जाएगी। इससे भी टीकाकरण की रिपोर्ट में आ रहे अंतर की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
बारिश के बावजूद 28 हजार व्यक्तियों ने करवाया टीकाकरण
मुरादाबाद। बृहस्पतिवार को झमाझम बारिश के बावजूद शहरवासियों ने टीकाकरण के लिए उत्साह दिखाया। जनपद में सभी आयु वर्गों में कुल 28288 व्यक्तियों ने कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण करवाया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपक वर्मा का कहना है कि 14 से 17 आयु वर्ष के वर्ग में 5909 किशोरों ने पहली और 193 किशोरों ने दूसरी डोज ली। 18 से 44 आयु वर्ग के 6392 व्यक्तियों को पहला और 4735 व्यक्तियों को दूसरा टीका लगाया गया। जनपद में कुल 13167 व्यक्तियों को वैक्सीन की पहली और 8901 व्यक्तियों को दूसरी डोज दी गई। वहीं, 411 व्यक्तियों ने बूस्टर डोज लगवाई।