बिलारी। लखनऊ से आए नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश्वर मिश्र ने शुक्रवार को स्थानीय लक्ष्मी जी चीनी मिल के गोदाम रखी चीनी के स्टॉक का सत्यापन किया। यहां चीनी पर्याप्त मात्रा मिलने में मिल प्रबंधन को बकाया गन्ना मूल्य भुगतान शीघ्र करने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी अपने साथ गन्ना समिति के विशेष सचिव आर के पाठक और गन्ना परिषद के निरीक्षक संजीव कुमार को लेकर चीनी मिल पहुंचे और यहां मिल के गोदाम में भरी चीनी के स्टॉक का सत्यापन किया।
गन्ना समिति सचिव ने बताया कि सत्यापन के दौरान दो लाख 54 हजार क्विंटल चीनी पाई गई, जो रिकॉर्ड के हिसाब से सही है। नोडल अधिकारी ने जोर दिया कि जब स्टॉक में पर्याप्त चीनी है तब फिर मिल द्वारा गन्ना मूल्य भुगतान में देरी क्यों की जा रही है। नोडल अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश कि वह मिल प्रबंधन पर दबाव बनाकर बकाया गन्ना मूल्य का शीघ्र भुगतान कराएं। उधर शुक्रवार दोपहर बाद सहकारी गन्ना विकास समिति के सभापति चौधरी विजयपाल सिंह समिति कार्यालय पहुंचे और उन्होंने समिति स्टाफ के साथ बैठक कर भुगतान की समीक्षा की। समिति सभापति ने समिति सचिव को निर्देश दिए कि बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान शीघ्र कराने को चीनी मिल प्रबंधन को पत्र लिखकर दबाव बनाएं। बता दें कि बिलारी के लक्ष्मी जी चीनी मिल पर बीते सीजन के बकाया गन्ना मूल्य के लगभग बीस करोड़ रुपये अभी भी बकाया रह गए हैं। संवाद