कांठ। नगर में दौड़ रहे मिट्टी भरे डंपरों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण से नगर पंचायत के वीर अब्दुल हमीद सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। रोड की बजरी उखड़ने से हादसे भी हो रहे हैं।
कांठ नगर पंचायत प्रशासन ने वर्ष 2012 से 2017 तक चेयरपर्सन रहीं नसरीन इकबाल के कार्यकाल में मंडी समिति रोड को बेहतर ढंग से बनवाया गया था, इस रोड पर शहीद वीर अब्दुल हमीद के नाम से भव्य स्वागत द्वार भी बनवाया था। जिसके बाद इसका नाम वीर अब्दुल हमीन रोड रखा गया था। यह रोड मुरादाबाद-हरिद्वार हाईवे के किनारे स्थित पिंडदान स्थल से शुरू होकर मोहल्ला माननगर, फकीरगंज, महमूदपुरा से होते हुए पेट्रोल तिराहे पर मुरादाबाद-हरिद्वार हाईवे पर ही आकर मिलती है। इस मार्ग के दूसरी साइड में पेट्रोल पंप तिराहे के पास कुंवर जितेंद्र प्रताप सिंह के नाम से स्वागत द्वार बना हुआ है। मुरादाबाद-हरिद्वार हाईवे पर जाम या अन्य स्थिति में इस रोड को मिनी बाईपास के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता है। इसी रोड पर तहसील भी पड़ती है। लेकिन वर्तमान में इस रोड से होकर गुजर रहे अनगिनत मिट्टी भरे डंपरों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों ने रोड की दशा बदहाल हो चुकी है। जगह-जगह रोड बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और बजरी उखड़ने हादसे भी हो रहे हैं।
कोट
नगर के वीर अब्दुल हमीद रोड से होकर गुजर रहे मिट्टी भरे डंपरों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से रोड कई जगह क्षतिग्रस्त हो गया। डंपरों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को किसी दूसरे रास्ते से निकलवाने के संबंध में तहसील प्रशासन से भी बात की गई थी और रोड की मरम्मत भी कराई थी। मौसम सही होने पर दोबारा से वीर अब्दुल हमीद रोड की मरम्मत कराई जाएगी।-रामेश्वर दयाल, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत, कांठ