मुरादाबाद। पीतल बस्ती बिजलीघर पर तैनात जेई दिनेश कुमार और एक लाइनमैन का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें जेई लाइनमैन के साथ गाली गलौज और रुपयों के लेनदेन की बात करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में लाइनमैन जेई से एक केस के रुपये मांग रहा है। उसके शब्द हैं कि साहब एक केस के रुपये मुझे दे देना बाकी के आप रख लेना। इस पर जेई दिनेश कुमार ने जवाब दिया कि आज तुम सारे रुपये रख लेना।
निगम में चर्चा है कि दोनों चेकिंग के नाम पर उपभोक्ताओं से वसूली गई रकम को आपस में बांटने की बात कर रहे हैं। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में लाइनमैन ने यह भी कहा है कि एक केस में 40 हजार रुपये मिलेंगे। यह सारी बातचीत जेई के केबिन में हो रही है। साथ में अन्य स्टाफ भी मौजूद हैं। बातचीत के दौरान जेई ने लाइनमैन को गाली भी दी। हालांकि अब कोई लाइनमैन कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
वहीं जेई दिनेश कुमार का कहना है कि वायरल वीडियो होली के दिन का है। उपभोक्ताओं से किसी प्रकार की वसूली नहीं की गई। लाइनमैन नशे में था और कुछ भी बोल रहा था। उसे समझाने के लिए मैंनें यूं ही कह दिया था कि सारे रुपये तुम रख लेना। वहीं नगरीय विद्युत वितरण खंड के अधीक्षण अभियंता संजय गुप्ता का कहना है कि मामले की पड़ताल के लिए जेई और लाइनमैन से जवाब लिया जाएगा। यदि भ्रष्टाचार की आशंका हुई तो जांच कराई जाएगी।