मुरादाबाद शहर के गौर ग्रेसियस निवासी डॉ. तान्या अग्रवाल व कोलकाता निवासी डॉ. काब्यिक गोलदर ने जाति-भाषा देखी और न घरों की दूरी। घरवालों की नापसंद का ख्याल दिल में आया तो अपनी बात उनके सामने खुलकर रख दी।
परिजनों ने भी समझदारी दिखाई और एक-दूसरे से मिले। आखिरकार फैसला प्यार के पक्ष में हुआ। 25 नवंबर 2023 को मुरादाबाद की बेटी डॉ. तान्या अग्रवाल बंगाल के डॉ. काब्यिक की पत्नी बन गईं। दंपती ने वैलेंटाइन वीक के मौके पर अपनी कहानी अमर उजाला से साझा की है।
डॉ. तान्या ने कहा कि बात उन दिनों की है जब मैंने वर्ष 2020 में पीजी में एडमिशन लिया था और डॉ. काब्यिक पीजी अंतिम वर्ष के छात्र थे। पढ़ाई व अभ्यास के दौरान हम दोनों में बातचीत शुरू हुई। मैं डॉ. काब्यिक के सहज व्यवहार व पढ़ाई में मदद करने की आदत की सराहना करने लगी।
धीरे-धीरे काब्यिक की बंगाली भाषा भी अच्छी लगने लगी, फिर न सिर्फ बंगाली सीखी बल्कि इसी भाषा में अपने प्यार का इजहार भी किया। आज हम दोनों पति-पत्नी हैं। बातचीत के दौरान हम दोनों जानते थे कि हमारा सीनियर-जूनियर का रिश्ता गहरी दोस्ती में बदल रहा है।