मुरादाबाद। सात सूत्री मांगों को लेकर नेशनल हेल्थ मिशन संविदा कर्मचारियों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। कामकाज ठप कर संविदाकर्मी सीएमओ कार्यालय पर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपने गुस्से का इजहार किया। इससे टीकाकरण अभियान धड़ाम हो गया। शहर के केंद्रों पर टीकाकरण ठप रहा। जिले में बुधवार को सिर्फ 7943 लोगों को ही कोरोना से बचाव का टीका लगाया जा सका।
मंगलवार की तरह बुधवार को भी कार्य बहिष्कार कर एनएचएम संविदाकर्मी सीएमओ कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अजीजुर्रहीम ने कहा कि सात सूत्री मांगे शासन मिशन निदेशक स्तर पर दीर्घकाल से लंबित चल रही है, जिसे लेकर कई बार प्रदर्शन किया गया, वार्ता भी हुई। हालांकि मांग पूरी नहीं हो सकी। महामंत्री विपिन भट्ट ने कहा कि मजबूरी में अब कार्य बहिष्कार कर आंदोलन करना पड़ रहा है। इस धरने के लिए चलते टीकाकरण अभियान प्रभावित हो रहा है। जिन केंद्रों पर नियमित स्टाफ नर्स और एएनएम की तैनाती रहीं, वहीं पर ही टीकाकरण हो सका।
शहर के सभी 26 अरबन पीएचसी केंद्र पर टीकाकरण नहीं हो पाया। इस दौरान डॉ. शकील अहमद, डॉ. अनिता मौर्य, डॉ. पवर्ती, डॉ. पूनम, चंद्रशेखर, अतरपाल, विमल शर्मा, परविंद्र कुमार, रघुवीर सिंह, फुरकान, डॉ. रविंद्र यादव आदि मौजूद रहे।
325 में से सिर्फ 134 सत्रों में लगा टीका
मुरादाबाद। जिले में इन दिनों रोजाना टीकाकरण के करीब 325 सत्र लगाए जाते हैं। जहां लोगों का टीकाकरण किया जाता है। एनएचएम संविदा कर्मियों के कार्य बहिष्कार के चलते बुधवार को टीकाकरण के सिर्फ 134 सत्र ही चल सके।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने किया समर्थन
मुरादाबाद। एनएचएम संविदाकर्मियों के धरने को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद का समर्थन मिला है। परिषद के जिला कोषाध्यक्ष हेमंत चौधरी बुधवार को धरनास्थल पर पहुंचकर आंदोलन का पूर्ण समर्थन करने की घोषणा की। वहीं, सिंचाई कर्मचारी संघ के मंडल अध्यक्ष शिव कुमार ने एनएचएम संविदाकर्मियों की मांगों को न्यायोचित बताया। कहा कि सरकार को इन मांगों पर सहानुभूति से विचार करना चाहिए।
शहर में चार केंद्रों पर ही लगा टीका
मुरादाबाद। बुधवार को शहर के चार केंद्रों पर ही टीका लग सका। जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, रेलवे अस्पताल, केंद्रीय पुलिस अस्पताल में कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया।