रामपुर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दिन-दहाड़े बाईपास पर बाइक सवार दो सगे भाइयों ने हमला कर दिया। तमंचों से की गई फायरिंग में दोनों भाइयों के गोली लगी है, जिस पर दोनों घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश होने की बात सामने आई है।
भाइयों पर हमले की यह वारदात मंगलवार की अजीतपुर बाईपास पर सुबह दस बजे की है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी फुरकान और उसका भाई तौफीक मुरादाबाद जाने के लिए बाइक से घर से निकले थे। अजीतपुर बाईपास पर पहुंचते ही पीछे से बाइकों पर आए आठ लोगों ने उनको घेर लिया और फिर तमंचे से फायरिंग कर दी।
रायपुर गांव के दो भाइयों पर हुए हमले के बाद इस गांव के दो पक्षों के बीच तनाव पैदा हो गया है। गांव में दोनों पक्षों के बीच हुए तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। साथ ही यहां पर अफसरों ने भी मौका मुआयना किया है। पुलिस आरोपियों के घर दबिश दे रही है,लेकिन आरोपी फरार हैं।
दो साल पहले मोहर्रम के जुलूस के दौरान भी दोनों पक्षों के बीच संघर्ष हुआ था। इस दौरान प्रधान पक्ष के लोगों पर फायरिंग की गई थी,जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। इंसपेक्टर सिविल लाइंस अजय मिश्रा ने बताया कि इस घटना के बाद आरोपियों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई भी की गई थी।