बुधवार तक और स्पष्ट हो जाएगी शिक्षकों की संख्या
प्राथमिक शिक्षक संघ के महानगर अध्यक्ष राकेश कौशिक का कहना है कि बुधवार शाम तक सभी शिक्षकों के गूगल फार्म प्राप्त हो जाएंगे। इसके लिए बुधवार को दोपहर दो बजे कंपोजिट विद्यालय गंज में बैठक भी होगी। इससे संख्या में और स्पष्टता आ जाएगी कि आंकड़ा दो हजार से कितना ऊपर है। इसके बाद सभी नियम-कानूनों की जानकारी अधिवक्ताओं से की जाएगी और ब्योरा संगठन के प्रांतीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।
16 को करेंगे धरना प्रदर्शन, देंगे ज्ञापन
ब्लॉक स्तरीय कार्य समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों के लिए पीईटी अनिवार्य मुद्दे पर 16 सितंबर को जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही डीएम को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी दिया जाएगा। संगठन के मंडलीय मंत्री सर्वेश शर्मा और महानगर मंत्री उस्मान आरिफ ने कहा कि 50 वर्षीय शिक्षक जिनका अनुभव ही शिक्षण के लिए पर्याप्त है, उन्हें परीक्षा देने में जटिलता का सामना करना पड़ेगा। बैठक में अनिल कुमार, विनीत कुमार गुप्ता, अनुराधा, गीता, रेनू, वसीम अब्बास, रोहित त्यागी समेत तमाम शिक्षक शामिल हुए।
शिक्षकों के सभी व्हाट्सएप ग्रुपों में गूगल फार्म डाल दिया गया है। बुधवार को होने वाली बैठक में चीजें और स्पष्ट हो जाएंगी। इसमें सभी ब्लॉक से शिक्षक प्रतिभाग करेंगे। - राकेश कौशिक, महानगर अध्यक्ष, प्राथमिक शिक्षक संघ
इस मुद्दे पर शिक्षक कानूनी तौर पर अपना पक्ष रखेंगे। जनप्रतिनिधियों से मिलेंगे और तय प्रक्रिया के तहत माननीय न्यायालय के सामने भी अपनी अपील रखेंगे। वर्षों से सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी सरल नहीं है। - सर्वेश शर्मा, मंडलीय मंत्री, प्राथमिक शिक्षक संघ
जिले में ऐसे कितने शिक्षक हैं जिनकी नियुक्ति 2011 से पहले हुई है, ऐसा डाटा विभाग से नहीं मांगा गया है। शिक्षक संगठन अपने स्तर पर क्या कर रहे हैं इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। - विमलेश कुमार, बीएसए