कुख्यात आतंकी संगठन आईएस के इशारे पर आतंकी वारदातों को अंजाम देने के लिए युवाओं को जिहाद के लिए उकसाने के आरोपी सहारनपुर निवासी हारिश से एटीएस अगले पांच दिनों तक गहन पूछताछ करेगी। एनआईए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश जैनेंद्र कुमार पांडेय ने सोमवार को हारिश की पांच दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर कर दी।
एटीएस उसे सुपुर्दगी में लेने के बाद मुरादाबाद लाकर अहम सुराग जुटाएगी। एटीएस ने हारिश को 15 मार्च को गिरफ्तार किया था। सहारनपुर के कुतुबशेर इलाके का निवासी हारिश मुरादाबाद से बीडीएस की शिक्षा ग्रहण कर रहा था।
एटीएस की जांच में सामने आया था कि वह आईएस की जिहादी विचारधारा से प्रभावित होकर सोशल मीडिया के कई प्लेटफॉर्म पर कट्टरपंथी विचारधारा वाले युवाओं और नाबालिगों को जोड़ रहा था, ताकि देश में किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम दिया जा सके।
एटीएस ने उसके हॉस्टल के कमरा नंबर जी-7 से पेन ड्राइव, मोबाइल और आईपैड बरामद किया था, जिसका विधि विज्ञान प्रयोगशाला से डाटा निकालने पर कई अहम सुराग मिले थे। अब इन सुरागों के आधार पर उससे पूछताछ की जाएगी।
साथ ही उसे मुरादाबाद और सहारनपुर ले जाकर छानबीन होगी। एटीएस उसके ग्रुप से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में भी पता लगा रही है। इनमें से कुछ को चिह्नित किया जा चुका है। पूछताछ के दौरान हारिश का उनसे आमना-सामना भी कराया जाएगा।
साथ ही उसके बैंक खातों में आई रकम के बारे में भी छानबीन करेगी। एटीएस 28 मार्च को रिमांड खत्म होने पर उसे वापस लखनऊ जेल में दाखिल कराएगी।