स्कूल आने-जाने के दौरान छात्रा से छेड़खानी करने वाले के खिलाफ कार्रवाई को लेकर परिजनों ने एसएसपी से शिकायत की है। उन्होंने कहा है कि शादीशुदा युवक उनकी बेटी से लगातार अभद्रता कर रहा है। इसका विरोध करने पर पिता से भी मारपीट की है।
मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक छात्रा ने युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। किशोरी नौवीं की कक्षा की छात्रा है। वह पैदल ही स्कूल जाती है।
विज्ञापन
जब वह स्कूल आती-जाती है तो गांव का ही एक शादीशुदा युवक छेड़खानी करता है। आरोपी पीड़िता को जबरन मोबाइल पर अश्लील वीडियो भी दिखाता है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता है। आरोपी की इन हरकतों से परेशान होकर उसने स्कूल जाना बंद कर दिया है।
पीड़िता ने अपने पिता को घटना की जानकारी दी तो उन्होंने आरोपी से इस बारे में पूछताछ की। आरोपी युवक ने पीड़िता के पिता के साथ भी मारपीट की है। एसएसपी हेमराज मीना ने इस मामले में कटघर थाना प्रभारी को कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
पड़ोसियों पर मारपीट और छेड़खानी का आरोप
मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक महिला ने अपने पड़ोसियों पर मारपीट और छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने बताया कि रविवार की सुबह वह अपने मकान के सामने नाली की सफाई कर रही थी।
विज्ञापन
पति घर पर नहीं थे। आरोप लगाया कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक आया और छेड़खानी करने लगा। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने पीड़िता के साथ मारपीट की। पीड़िता ने शोर मचाया तो आरोपी की पत्नी और उसके दो भाई भी आ गए।
आरोपियों ने लाठी-डंडे से पीड़िता की जमकर पिटाई कर दी। एसएसपी हेमराज मीना ने मूंढापांडे थाना प्रभारी को मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।