फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: कई जिलों में नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन जारी, स्कूल-कॉलेज बंद, इंटरनेट प्रभावित

Tue, 17 Dec 2019 01:10 PM IST
प्राची प्रियम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विरोध प्रदर्शन करते लोग
विज्ञापन

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ उत्तर प्रदेश के भी कई जिलों में प्रदर्शन जारी है। सोमवार को पूरे प्रदेश में धारा 144 लागू होने के बाद से ही हालात गंभीर बने हुए हैं। कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद हैं, साथ ही कई जगहों पर इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। 

विज्ञापन


मुरादाबाद में अर्द्ध नग्न होकर प्रदर्शन
मुरादाबाद के कुंदरकी में एनआरसी और कैब के विरोध में अर्द्ध नग्न होकर कई लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बीडीओ और एसओ को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में विधायक प्रतिनिधि, चैयरमेन पति, सभासदों और उलेमा समेत बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। 

संभल में इंटरनेट बंद
संभल में नागरिकता संशोधन विधेयक के विरोध में आंदोलन को लेकर चौतरफा सतर्कता बरती जा रही है। विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक और तीनों तहसीलों के उप जिलाधिकारी संभल में मौजूद हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान गश्त कर रहे हैं। वहीं डीएम अविनाश कृष्ण सिंह ने संभल में एक दिन के लिए इंटरनेट सेवा बंद करने के लिए निर्देश दिए हैं। 
विज्ञापन


वहीं मंगलवार को समाजवादी पार्टी के सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क की जनसभा पर भी रोक लगा दिया गया है। सांसद डॉ शफीकुर्रहमान बर्क ने नागरिक संसोधन बिल के विरोध में आज जनसभा का एलान किया था। इंटरनेट सेवाएं बंद होने के कारण जिले भर में बैंकिंग सेवाएं भी प्रभावित हैं। 

अलीगढ़ में इकट्ठा हुए 8000 लोग, इंटरनेट बंद

रविवार को पुलिस और छात्रों के बीच हुए बवाल के बाद दो एफआईआर दर्ज की गई। एक में ऑन ड्यूटी पुलिसकर्मियों पर हमला कर उन्हें घायल करने और दूसरे में एक दरोगा के साथ लूटपाट करने की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है।

पहले मामले में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के 52 नामजद और 1300 अज्ञात छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं दूसरे मामले में 26 नामजद और 1300 अज्ञात छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इसके साथ ही मौके से 26 छात्रों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद शहर भर के अल्पसंख्यकों और एएमयू छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। 

आज भी एएमयू छात्रों और उनके समर्थक लगभग 8000 की संख्या में इकट्ठा होकर नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शकारी कलेक्ट्रेट का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करना चाहते हैं।

लखनऊ- भाजपा मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी
नागरिकता संशोधन कानून बनने के बाद हो रहे उपद्रव के बीच प्रदेश मुख्यालय की सुरक्षा को फिर खतरा बताया गया है। प्रदेश कार्यालय में रोजाना या अक्सर आने वाले वाहनों के पास जारी किए जा रहे हैं। हर दो और चार पहिया वाहनों का नंबर नोट किया जा रहा है। कार्यालय के दोनों प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा गार्ड बढ़ाए गए हैं। अनजान व्यक्ति को प्रवेश देने से पहले पूछताछ करने के निर्देश दिए गए हैं।

सूत्रों के मुताबिक पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय की तर्ज पर प्रदेश मुख्यालय की भी सुरक्षा का प्लान बनाया जा रहा है। दोनों प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा उपकरण लगाए जाएंगे, कार्यालय के चप्पे-चप्पे पर कैमरे की नजर रहेगी। सुरक्षा पर करीब एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है।
विज्ञापन

मऊ- दुकानें बंद, भारी फोर्स तैनात
सोमवार शाम को मऊ में भड़की हिंसा के बाद मंगलवार सुबह भी जिले के बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। दुकाने बंद रहीं, साथ ही चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स भी तैनात है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें