वर्षों से घटनास्थल पर देर से पहुंचने का दाग झेलती आ रही उत्तर प्रदेश पुलिस अब अमेरिका की पुलिस की तरह हाईटेक हो गई है। यूपी डायल 100 में सूचना देने के बाद पीड़ित को पंद्रह से बीस मिनट में पुलिस की मदद मिल जाएगी।
सीएम अखिलेश यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट यूपी डायल 100 के वाहनों को शुक्रवार की शाम बीट पर रवाना कर दिया गया। मुरादाबाद में कैबिनेट मंत्री आजम खां ने हरी झंडी दिखाकर इस वाहनों को रवाना किया
मुरादाबाद जिले की पुलिस को 80 गाड़ियां मिली हैं। सभी गाड़ियों में जीपीएस और सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। जिसमें 15 इनोवा और 65 बोलेरो गाड़ियां हैं। जिनका रूट चार्ट भी तैयार किया गया है। शनिवार शाम सभी वाहनों को बीट पर रवाना कर दिया गया।
सभी वाहनों का अपना एरिया होगा। यूपी डायल 100 के नोडल अधिकारी एसपी सिटी अभिषेक यादव ने बताया अभी यूपी डायल 100 में पुलिस, फायर और हेल्थ को जोड़ा गया है। आने वाले वक्त में अन्य विभागों को भी जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि अब सीधी कॉल लखनऊ पुलिस कंट्रोल रूम में उठेगी। कॉल रिसीव होते ही पीड़ित की पूरी बात सुनी जाएगी। इसके नजदीकी पुलिस वाहन को सूचना देकर मौके पर भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि एक दिन में दो लाख से ज्यादा कॉल रिसीव होंगी।
इसके अलावा 200 से ज्यादा कर्मियों को कंट्रोल रूम में तैनात किया गया है। मुरादाबाद में करीब 20 हजार से ज्यादा प्वाइंटों को मैप में दर्ज किया गया है। उसी आधार पर संबंधित अधिकारी व वाहन को मौके पर भेजा जाएगा।
इस दौरान एडीजी पुलिस अकादमी आनंद कुमार, डीआईजी ओंकार सिंह, एसएसपी डीके दुबे, एसपी देहात अखिलेश नारायण सिंह, एएसपी डा. यशवीर सिंह और सभी सीओ व थानेदार व अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।