ज्येष्ठ दशहरा पर दिल्ली से हरिद्वार स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं को गजरौला रेलवे स्टेशन पर उतार दिया गया। रेलवे का कहना है कि वह जनरल का टिकट होने के बाद भी एसी कोच में सफर कर रहे थे। उतारे जाने पर मदद के लिए 112 पर कॉल की।
मसूरी एक्सप्रेस से उतारे जाने के बाद यात्रियों ने स्टेशन पर हंगामा कर दिया। वह इस कदर आक्रोशित थे कि किसी की सुन नहीं रहे थे। उन्होंने हंगामा करते हुए कहा कि यहां पर उतारे जाने के कारण वह ज्येष्ठ दशहरा पर गंगा में स्नान नहीं कर पाएंगे।
बुकिंग काउंटर पर हंगामा करने के बाद पैनल पर पहुंच गए। यहां भी हंगामा करने लगे। स्टेशन मास्टर से भी उनकी नोकझोंक हुई। उनका आक्रोश और हंगामा बढ़ता देख स्टेशन मास्टर ने उच्च अफसरों को सूचना दी।
स्टेशन मास्टर से कहा गया कि किसी तरह दूसरी ट्रेन में बैठाकर रवाना किया जाए, मगर उस वक्त कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी। यह समस्या खड़ी हो गई कि उनको किस ट्रेन से भेजा जाए। कंट्रोल को फोन कर टनकपुर जाने वाली स्पेशल ट्रेन रुकवाई गई, जबकि उसका गजरौला में ठहराव नहीं है।
जनरल का टिकट होने के बावजूद यात्री एसी कोच में घुस गए थे। जिनका रिजर्वेशन था, उनकी शिकायत पर टीईटी ने कोच खाली कराया। यात्रियों ने टीटीई पर पैसे लेने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। जिसे पंजिका में दर्ज नहीं किया गया है। जांच की जा रही है। - केएल कश्यप स्टेशन अधीक्षक गजरौला।