अलवर के साइबर ठग ने मुरादाबाद के डीएम के नाम से फेसबुक पर फर्जी एकाउंट बना दिया। इसके बाद लोगों को रिक्वेस्ट भेजकर की ठगी की कोशिश की गई। इसकी जानकारी मिलने के बाद साइबर थाने में केस दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल एकाउंट को बंद करवा दिया गया है।
राजस्थान के साइबर ठग ने मुरादाबाद के डीएम के नाम से फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बनाया। आरोपी ने लोगों को फ्रेंड्स रिक्वेस्ट भेजकर साइबर ठगी की कोशिश की। डीएम कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर विनय राज ने सिविल लाइंस थाने में राजस्थान के अलवर निवासी अकरम पुत्र संजय खान के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
विज्ञापन
जिसमें विनय राज ने बताया कि डीएम मुरादाबाद मानवेंद्र सिंह के नाम से फेसबुक पर एक अकाउंट संचालित हो रहा था। इस अकाउंट से लोगों को फ्रेंड्स रिक्वेस्ट भेज कर ठगी की कोशिश की जा रही थी। डीएम मानवेंद्र सिंह को उनके दोस्तों और परिचितों ने कॉल कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद साइबर सेल में शिकायत की गई।
साइबर सेल ने इस मामले की जांच की तो पता चला कि राजस्थान के अलवर निवासी अकरम ने अकाउंट बनाया था। इसके लिए उसने अपने मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया। आरोपी के मोबाइल नंबर की आईडी निकलवाई गई है। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि फर्जी एकाउंट बंद करा दिया गया है। साइबर ठग की तलाश की जा रही है।