सिविल लांइस के रामगंगा विहार में एक दरोगा ने बुजुर्ग के फ्लैट पर कब्जा कर लिया। महिला का कहना है कि दरोगा ने दस माह का किराया भी नहीं दिया है। वह फ्लैट पर ताला मारकर परिवार समेत गायब हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुरादाबाद के सिविल लाइंस के रामगंगा विहार में दरोगा ने 85 साल की बुजुर्ग के फ्लैट पर कब्जा कर लिया। पीड़िता का आरोप है कि दरोगा ने 10 माह से न तो किराया दिया और न ही फ्लैट खाली किया। पीड़िता ने पुलिस अफसरों से शिकायत कर फ्लैट खाली कराने की मांग की है।
विज्ञापन
दरोगा की वर्तमान में अयोध्या में तैनाती है, लेकिन वह वहां से भी तीन माह से गायब है। मुगलपुरा के कानून गोयान निवासी कुसुम शमशेरी के पति एपी शमशेरी चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के प्रबंधक हैं। कुसुम और उनके बेटे नवनीत शमशेरी ने पुलिस अफसरों के साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की है।
नवनीत ने बताया कि उनकी मां की उम्र 85 साल है। रामगंगा विहार में उनकी मां के नाम फ्लैट है। बलिया निवासी दरोगा जितेंद्र कुमार ने फ्लैट किराये पर लिया था। जिसमें दरोगा और उसका परिवार रहता था। दरोगा मुरादाबाद के सिविल लाइंस समेत अन्य थानों में तैनात रहा।
विज्ञापन
इसके बाद उसका ट्रांसफर अयोध्या हो गया। करीब 10 माह पहले उसका परिवार ताला लगाकर गायब हो गया। कुसुम का कहना है कि 10 माह बीत गए, लेकिन दरोगा ने न तो फ्लैट खाली किया और न ही किराया दिया। दरोगा ने अपने मोबाइल नंबर भी बंद कर लिए हैं।
सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि शिकायत मिली है। दरोगा अयोध्या में तैनात है, लेकिन वहां से भी तीन माह से गायब है। उसके मूल पते पर नोटिस भेजा गया है। जल्द ही फ्लैट खाली कराया जाएगा।