यूपी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन सृजन में जुटी कांग्रेस नई व्यवस्था लागू करेगी। टिकट की दावेदारी के लिए कांग्रेस फंड में दो लाख रुपये जमा करने होंगे। दावेदारों को अपने खाते में 20 लाख रुपये डिपॉजिट दिखाने होंगे। अभी तक मुरादाबाद जिले की छह सीटों के लिए 62 दावेदार सामने आ चुके हैं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदारों को लेकर कांग्रेस पार्टी में नई व्यवस्था लागू होने वाली है। पार्टी फंड में दो लाख रुपये जमा करने के बाद ही टिकट की दावेदारी पेश करनी होगी। साथ ही खाते में 20 लाख रुपये डिपॉजिट दिखाने होंगे। ये व्यवस्था दावेदारों की जेबों पर भारी पड़ेगी। माना जा रहा है कि नई व्यवस्था के बाद जिले में टिकट के दावेदारों की संख्या घट जाएगी।
विज्ञापन
विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस में बदलाव की बयार चल रही है। पहले प्रदेश प्रभारी बदले गए। अविनाश पांडेय की जगह राजेश पाल गौतम को प्रभारी बनाया गया। अब संगठन सृजन का काम चल रहा है। जिला, महानगर समेत सभी प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष बदले जाएंगे।
दूसरी ओर पार्टी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन के लिए नई व्यवस्था लागू करने वाली है। पार्टी के भीतर चल रही चर्चाओं के मुताबिक टिकट की दावेदारी करने के लिए पहले पार्टी फंड में दो लाख रुपये जमा करने होंगे, इसके बाद ही टिकट के लिए दावेदारी कर सकेंगे।
विज्ञापन
साथ ही अपने खाते में 20 लाख रुपये डिपॉजिट भी दिखाने होंगे। इन सबके बीच विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाने के लिए दावेदारों की संख्या हर दिन बढ़ रही है। जिले की छह विधानसभा सीटों के लिए अभी तक 62 दावेदार सामने आ चुके हैं।
ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट पर सबसे ज्यादा 19 लोगों ने दावेदारी पेश की है जबकि सबसे कम पांच दावेदार कांठ सीट पर सामने आए हैं। नगर सीट से दावेदारी करने वालों की संख्या भी कम नहीं है। यहां अभी तक 16 दावेदार सामने आ चुके हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि संगठन सृजन का काम पूरा होने के बाद नई व्यवस्था लागू होने की उम्मीद है।
दिखाने के बाद खाते से नहीं निकाल सकेंगे 20 लाख रुपये
पार्टी सूत्रों के मुताबिक टिकट के दावेदारों को प्रोफार्मा दिया जाएगा जिसे भरकर भेजना होगा। इसमें खाते का ब्योरा भी दिखाना होगा। खाते में 20 लाख रुपये दिखाने के बाद दावेदार इसे नहीं निकाल सकेंगे।
इस बार प्रत्याशियों के चयन के लिए व्यवस्था में पार्टी कुछ बदलाव करने वाली है। टिकट की दावेदारी के लिए पार्टी फंड में दो लाख रुपये जमा करने होंगे। दावेदार को खाते में 20 लाख रुपये जमा भी दिखाना होगा। जिले में अब तक 62 लोग टिकट की दावेदारी कर चुके हैं। ये संख्या लगातार बढ़ ही रही है। - विनोद गुंबर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष