जल निगम के अभियंता ने पत्र का नहीं दिया जवाब
लोक निर्माण विभाग के अभियंता का कहना है कि सीवर लाइन बिछाने के लिए इस रोड की खोदाई जल निगम कर रहा था। इस मामले में जल निगम के अधिशासी अभियंता को लोनिवि ने पत्र भेजकर सवाल किया था कि कब तक रोड का काम पूरा करेंगे।
रोड का निर्माण होने पर खोदाई की इजाजत नही मिलेगी। जल निगम ने खोदाई के लिए पिछले साल परमिशन मांगी थी। खोदाई के एवज में जल निगम ने 485 लाख रुपये लोनिवि को दिए थे, लेकिन लगातार खोदाई के चलते रोड निर्माण का काम बाधित हो गया है।
ठेकेदार काम करने के लिए तैयार
लोनिवि के अधिशासी अभियंता नवेद खां का कहना है कि 22.500 किमी रोड निर्माण के लिए टेंडर पहले ही पास हो चुका है। रोड का काम करने के लिए सोमवार को ठेकेदार से एग्रीमेंट साइन हो जाएगा। इसके बाद ठेकेदार काम शुरू कर देगा, लेकिन जल निगम को भी लिखित जवाब देना होगा कि वे रोड की खोदाई नहीं करेंगे। शासन रोड निर्माण के लिए 32 करोड़ 55 लाख रुपये जनवरी 24 में स्वीकृत किया था।
भटावली से पीएसी तिराहे तक करीब पांच किमी सीवर लाइन डालने का काम जल निगम ने कराया है। पालीटेक्निक के पास सिर्फ 20 मीटर भाग में मैनहोल के फिनिशिंग का काम छोड़ शेष पूरा हो चुका है। सीवर लाइन से क्षतिग्रस्त सड़क पीडब्ल्यूडी को बनानी है। इसके लिए फरवरी में पैसे पीडब्ल्यूडी को दिए जा चुके हैं। सड़क न बन पाने के लिए पीडब्ल्यूडी जिम्मेदार है। -मोहित कुमार राय, अधिशासी अभियंता, जल निगम