मैनाठेर में कार सवार ने लोगों को कुचला
- फोटो : संवाद
मुरादाबाद-संभल रोड पर तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रहे लोगों और बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसा मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव जटपुरा के पास हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर चीखपुकार और अफरातफरी मच गई। घटना में बच्चों समेत कुल नौ लोग घायल हो गए। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे पैदल जा रहे लोगों व बाइक सवारों को एक के बाद एक टक्कर मारता चला गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग उछलकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में ट्यूशन पढ़ने जा रही पलक (14) गंभीर रूप से घायल हो गई।
इसके अलावा अनुष्का (10), आशीष (16), विवेक (18), विजय उर्फ तरुण (12), दुर्गेश (4), अकरम (28), शफीक (42) और शफीक का बेटा अदनान भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को राहगीरों ने तुरंत पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ को सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
घायलों का इलाज जारी है। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मैनाठेर थाना प्रभारी किरणपाल ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया गया है। संभल निवासी कार चालक अदनान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।