हनी ट्रैप केस में सिपाही समेत तीन गिरफ्तार
मुरादाबाद की कटघर पुलिस ने हनी ट्रैप के मामले में महिला और हेड कांस्टेबल सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इस गिरोह ने संभल के युवक को अपने जाल में फंसाकर उसकी अश्लील वीडियो बनाई फिर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये मांगे। आरोपियों ने 36 हजार से अधिक रुपये वसूल कर लिए थे। वहीं हेड कांस्टेबल ने अपने खाते में 14 हजार रुपये ट्रांसफर कराए थे।
पुलिस इस मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है। संभल के हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन निवासी बिलाल ने कटघर थाने में रहमतनगर गली नंबर -3 निवासी बाबर, गली नंबर 5 निवासी फैसल, मुस्लिमा कॉलेज के पास रहने वाली महिला और हेड कांस्टेबल मिर्जा रिजवान बेग के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
मुरादाबाद में महिला से मुलाकात कराई
आरोप लगाया कि बाबर उसके घर आता जाता था। बाबर ने उसकी मुलाकात फैसल से कराई। इसके बाद दोनों ने 1200 रुपये लिए और 12 अगस्त को मुरादाबाद में एक महिला से मुलाकात कराई। आरोपियों ने बिलाल की महिला के साथ अश्लील वीडियो बना ली थी। थोड़ी देर बाद दोनों रिजवान को लेकर पहुंचे। धमकाने लगे कि दुष्कर्म का केस दर्ज होने पर अब तुम जेल चले जाओगे।
दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी दी
आरोपियों ने धमकी देने के बाद उससे पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। बिलाल का मोबाइल लेकर आरोपियों ने पेटीएम के माध्यम से 35 हजार रुपये फैसल और 1200 रुपये बाबर के खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद आरोपी चुप नहीं बैठे। तीनों उसे दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे की मांग कर रहे थे। जानकारी मिलने पर एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने केस दर्ज कराने के बाद थाना प्रभारी कटघर संजय कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की।
हेड कांस्टेबल मिर्जा रिजवान बेग निलंबित
टीम ने शुक्रवार को ही आरोपी महिला, फैसल और डिलारी थाना क्षेत्र में यूपी 112 पर तैनात हेड कांस्टेबल मिर्जा रिजवान बेग को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी फैसल के पास से आठ हजार और महिला के पास से ढाई हजार रुपये बरामद किए। एसपी सिटी ने बताया कि हेड कांस्टेबल भी गिरोह के साथ धमकाने और पैसा वसूलने में लिप्त पाया गया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है। इस मामले में पुलिस अन्य आरोपी बाबर की तलाश कर रही है।