17 साल से फरार चल रहे पाकिस्तान के आतंकी हिजबुल मुजाहिद्दीन के सदस्य 25 हजार के इनामी उल्फत हुसैन (50) को एटीएस और कटघर थाने की पुलिस ने जम्मू कश्मीर में उसके घर से गिरफ्तार किया है। 2002 में कटघर थाने की पुलिस ने उल्फत हुसैन और उसके तीन साथियों को आतंकी गतिविधियों में लिप्त होने पर गिरफ्तार किया था।
2007 में जमानत मिलने के बाद उल्फत फरार हो गया था। इसके बाद कोर्ट में पेश नहीं हुआ। एटीएस और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। शनिवार को कोर्ट में पेश करने के बाद आतंकी को जेल भेज दिया।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि कटघर थाने की पुलिस ने नौ जुलाई 2002 में जम्मू कश्मीर के पुंछ जनपद के सूरनकोट थाना क्षेत्र के फजालाबाद निवासी उल्फत हुसैन उर्फ मो. सैफुल इस्लाम, मूंढापांडे के सट्टू नगला निवासी मो. तकी उर्फ कारी तकी, नागफनी थाना क्षेत्र के डिप्टी गंज झब्बू का नाला निवासी मो. रिजवान, रामपुर के मिलक खानम थाना क्षेत्र के जफर आलम को गिरफ्तार किया था।
उनकी निशानदेही पर उत्तराखंड के रामनगर स्थित किराये के मकान से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामान बरामद किया गया था। कटघर थाने के तत्कालीन प्रभारी ने सभी के खिलाफ केस दर्ज कराया था। इनसे पूछताछ में एक पांचवें साथी नसीम के बारे में जानकारी मिली थी।
11 जुलाई 2002 को उसे मझोला के जयंतीपुर स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर किया था। यह सभी आंतकी धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों को आतंकी घटना करने की फिराक में थे। जमानत मिलने के बाद उत्फल फरार हो गया। इसके बाद वह कोर्ट में हाजिर नहीं हुए।
7 जनवरी 2015 को गिरफ्तारी के स्थायी वारंट जारी किए गए थे। न्यायालय अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-14 ने पांच मार्च 2025 को दोबारा वारंट जारी किए। एसएसपी सतपाल अंतिल ने आतंकी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया।
एसपी सिटी ने बताया कि एटीएस पता चला कि आरोपी अपने घर में ही मौजूद ही। इसके बाद शुक्रवार को टीम जम्मू कश्मीर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। शनिवार दोपहर बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया है।
पाकिस्तान में आतंकी ट्रेनिंग लेकर लौटा मुरादाबाद
कटघर थाने की पुलिस के हत्थे चढ़े आतंकी ने पूछताछ में बताया कि उसने 1999-2000 में पाकिस्तान जाकर आतंकी ट्रेनिंग ली थी। इसके बाद वह मुरादाबाद आया और यहां असातलपुरा स्थित मस्जिद में रहने लगा था। इसी दौरान उसने मो. रिजवान, जफर आलम, नसीम और मो. तकी से दोस्ती कर उन्हें आतंकी गतिविधियों में शामिल कर लिया था।
भारी मात्रा में बरामद हुए थे हथियार और विस्फोटक सामान
कटघर थाने के तत्कालीन प्रभारी ककान सिंह तालान ने नेतृत्व में पुलिस टीम ने नौ जुलाई 2002 में उल्फत हुसैन उर्फ मोहम्मद सैफुल इस्लाम उर्फ अफजाल उर्फ परवेज उर्फ हुसैन मलिक और उसके साथियों को गिरफ्तार करने के बाद इनके कब्जे से 01 एके-47, 01 एके-56, 02 पिस्टल 30 बोर, 12 हैंड ग्रेनेड, 39 टाइमर, 50 डेटोनेटर, 37 बैटरी, 29 किलो विस्फोटक पदार्थ, 560 कारतूस, 08 मैगजीन बरामदगी की गई थीं।