भगतपुर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी के अपहरण और दो माह तक बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। चौथे आरोपी की तलाश जारी है। इस बीच राज्यमंत्री असीम अरुण ने पीड़िता के परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय और कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
भगतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से अनुसूचित जाति की किशोरी को अगवा कर दो माह तक बंधक बना सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों राशिद और आरिफ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुख्य आरोपी सलमान को पहले ही जेल भेज चुकी है। आरोपियों ने पीड़िता के हाथ पर लिखे ओम को तेजाब से जला दिया था और उसे जबरन मांस भी खिलाया था।
विज्ञापन
पुलिस चौथे आरोपी की तलाश में जुटी है। उधर, राज्यमंत्री अरुण असीम ने सामुहिक दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों ने मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिजनों की हर संभव मदद और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दाैरान इलाके की सुरक्षा कड़ी रही।
भगतपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के थाने में केस दर्ज कराते हुए बताया था कि उसकी जेठानी की 14 वर्षीय बेटी दो जनवरी को कपड़े सिलवाने के लिए बाजार गई थी। रास्ते में क्षेत्र के दौलपुरी बमनिया निवासी सलमान, जुबैर, राशिद और आरिफ मिल गए। चारों युवक उसे जबरन खींचकर कार में डालकर ले गए।
विज्ञापन
एक कमरे में ले जाकर नशीला पदार्थ देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। दो माह तक आरोपियों ने उसे बंधक बनाकर रखा और दुष्कर्म करते रहे।आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने किशाेरी के हाथ पर लिखा ओम भी तेजाब डालकर जला दिया था। पीड़िता को जबरन मांस भी खिलाया। करीब दो माह बाद किशोरी अपने घर पहुंची तो उसने आपबीती सुनाई।
इसके बाद परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ भगतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शुक्रवार को दो आरोपी राशिद और आरिफ भी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। कोर्ट में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि चौथे आरोपी जुबैर की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।