जितेंद्र कुमार
मुरादाबाद। सिपाही अमित कुमार के सुसाइड नोट ने यूपी 112 के वाहनों में तेल की हो रही खपत पर सवाल खड़ा कर दिए हैं। सुसाइड नोट में 40 लीटर पेट्रोल के घोटाले के जिक्र से वाहनों के तेल में करोड़ों के खेल की आशंका है। मामला प्रकाश में आने के बाद भी पुलिस महकमा भी सक्रिय हो गया है। सभी वाहनों की निगरानी बढ़ा दी गई है। जिले में संचालित 112 के चार पहिया वाहनों में हर साल 3.41 करोड़ रुपये से ज्यादा का पेट्रोल भरवाया जाता है।
जनपद में अत्याधुनिक संसाधनों से लैस पीआरवी 112 के 89 वाहन चल रहे हैं। अगर कोई व्यक्ति 112 पर कॉल करता है तो आठ से दस मिनट में पीआरवी मौके पर पहुंच जाती है। इन वाहनों पर 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी और होमगार्ड तैनात हैं। प्रत्येक गाड़ी के चालक के लिए एक कार्ड जारी किया गया है। जिसके जरिए वह पंप से पेट्रोल गाड़ी में भरवाते हैं।
इस कार्ड में हर माह 32 हजार रुपये आते हैं। पेट्रोल भरवाते समय वीडियो बनाने के साथ ही उसे एक विशेष ग्रुप पर अपलोड किया जाता है। इसके अलावा चालक, कमांडो और गाड़ी पर तैनात सभी कर्मचारियों के हस्ताक्षर किए जाते हैं।
इन गाड़ियों में हर साल तीन करोड़ 41 लाख 76 हजार रुपये का पेट्रोल भरवाया जाता है। हालांकि, इन सभी वाहनों की निगरानी के लिए एक अलग टीम भी गठित की गई है। यह टीम गाड़ी को उनके निर्धारित प्वाइंट पर पहुंचकर जांच करती है। वर्षों से चल रहे इन वाहनों के जरिए तमाम लोगों को मदद मिली, लेकिन कभी पेट्रोल घोटाले की शिकायत नहीं आई।
मझोला क्षेत्र में सिपाही अमित कुमार के सुसाइड नोट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सिपाही ने अपने सुसाइड नोट में 40 लीटर पेट्रोल के घोटाले का जिक्र किया है। एक बार में गाड़ी में 40 लीटर ही पेट्रोल भरवाया जाता है। अब इन वाहनों की निगरानी शुरू कर दी गई है।