कांठ। छजलैट थाना क्षेत्र के मथाना-मुंडाखेड़ी मार्ग स्थित गांव ढाकी के पास शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक 30 वर्षीय युवक को पड़ा देखा तो यहां भीड़ जमा हो गई। लेकिन मौके पर उसकी कोई भी पहचान नहीं हो पाई। ग्रामीणों के अनुसार युवक बेहोश था और उसके मुंह से झाग निकल रहे थे।
वहीं दूसरी ओर उसके चेहरे पर पुरानी चोट के कुछ निशान भी थे। युवक को 108 एम्बुलेंस से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ लाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि जब युवक को अस्पताल लाया गया था तो वह बेहोश था। प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इधर सूचना पर छजलैट पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। वहीं पुलिस के द्वारा उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन शुक्रवार शाम तक भी युवक कौंन और कहां का रहने वाला था, उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी।