कुंदरकी। मुरादाबाद-आगरा पर हाईटेंशन लाइन का तार अचानक स्पार्किंग के बाद टूटकर गिर गया। तार काफी देर तक हाईवे पर लटका रहा, जिससे राहगीरों में खलबली मच गई। इस दाैरान इधर से गुजरा टेंपो असंतुलित होकर पलट गया। जिसमें सवार तीन छात्राएं घायल हो गईं।
हाईवे पर तार गिरने के दाैरान कुंदरकी की ओर से विद्यार्थियों से भरा एक टेंपो मौके से गुजर रहा था। चालक ने टूटे तार से टेंपो को बचाने की कोशिश की लेकिन संतुलन बिगड़ने से टेंपो पलट गया। हादसे में टेंपो में सवार तीन छात्राएं घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के मुताबिक दो छात्राओं को मामूली चोटें आईं, जबकि एक छात्रा गंभीर रूप से घायल है। गनीमत रही कि टेंपो में सवार अन्य यात्री सुरक्षित रहे। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ, क्योंकि कई घंटों से तार में आग लग रही थी लेकिन समय रहते उसे दुरुस्त नहीं किया गया। तार काफी देर तक लटका रहा विद्युत विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।