मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में कैंप चौकी के पास शराब के लिए पैसे न देने पर दबंगों ने बरात में आए मामा-भांजे पर हमला कर दिया। आरोप है कि अब हमलावर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। पुलिस ने तीन नामजद समेत दस लोगों के खिलाफ रंगदारी सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र के नईबस्ती चौबी सराय निवासी महेश ने तहरीर देकर बताया कि 26 अप्रैल को वह अपने भांजे टीनू के साथ अनित की बरात में शामिल होने बगला गांव आया था। रात करीब 10:30 बजे कैंप चौकी के पास आठ-दस युवकों ने उन्हें घेर लिया और शराब के लिए पांच हजार रुपये मांगे। इन्कार करने पर आरोपियों ने बीयर की बोतल तोड़कर दोनों पर हमला कर दिया। शोर सुनकर लोग जुटे तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना सीसीटीवी में कैद है।
पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बावजूद कैंप चौकी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की। सिर में चोट लगने पर उसने जिला अस्पताल में इलाज कराया। सीसीटीवी से आरोपियों की पहचान नागफनी के बंग्ला गांव निवासी प्रेम, शनि, अंशु व उनके साथियों के रूप में हुई।
महेश के अनुसार, घटना के बाद आरोपी लगातार पांच लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने तीन नामजद और सात अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।