मुरादाबाद। अनधिकृत स्थान से रेलवे ट्रैक पार कर रहे बाइक सवार दो दोस्त तेज रफ्तार शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। इससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। मामला गांव अक्का डिलारी का है। मौके पर पहुंची सिविल पुलिस ने युवकों के क्षत-विक्षत शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना पाकर मौके पर जीआरपी भी पहुंची और घटना की जानकारी ली।
पीपलसाना के ग्राम प्रधान गुलाम घोस ने बताया कि उनके गांव के दो युवक फहीम उर्फ कलुआ (35) और जफीर (40) बाइक से फहीम उर्फ कलुआ की बहन के घर जैतवाड़ा जा रहे थे। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव अक्का डिलारी में रेलवे ट्रैक पार करने के लिए उन्होंने किसी अनधिकृत स्थान का प्रयोग किया। यहां बाइक का पिछला पहिया रेलवे पटरी में अटक गया। दोनों दोस्तों पहिया निकालने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार शताब्दी एक्सप्रेस ट्रैक पर आ गई और दोनों को चपेट में ले लिया। फहीम और जफीर की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन व गांव के अन्य लोग जल्दबाजी में ट्रैक पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि दोनों के शव क्षत-विक्षत हाल में ट्रैक के पास पड़े थे। जीआरपी की टीम जब तक वहां पहुंचती उससे पहले ही सिविल पुलिस शवों को उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा चुकी थी। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों युवक अपने पीछे छोटे-छोटे बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों के साथ मिलकर दोनों के परिवारों को सांत्वना दी है। जीआरपी थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि अक्का डिलारी चौकी क्षेत्र की पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। जीआरपी अपनी कानूनी कार्रवाई करेगी।
वर्जन
ट्रेन नंबर 02039 नई दिल्ली शताब्दी स्पेशल एक्सप्रेस की चपेट में आने से दोनों युवकों की जान गई है। रेलवे लगातार लोगों को अनाधिकृत स्थानों से रेलवे लाइन पार न करने के लिए जागरूक कर रहा है। इसके बावजूद लोग लापरवाही के कारण हादसों का शिकार हो रहे हैं। सभी से अपील है कि रेल पटरी पर मोबाइल का प्रयोग न करें और लेवल क्रासिंग खुलने के बाद ही ट्रैक पार करें। अनधिकृत स्थानों से रेलवे लाइन पार न करें। ये जानलेवा और गैर कानूनी है।
- रेखा शर्मा, सीनियर डीसीएम उ.रे.